धर्म

Agra : महाशिवरात्रि पर शिव मंदिर में हुआ भव्य अभिषेक

पूरी रात गूंजे भजन-कीर्तन

मनोहर समाचार, आगरा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर माता सीता की नगरी पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी, ताज नगरी फेस-2 स्थित पाँच सौ अस्सी परिवारों की कॉलोनी में श्रद्धा, भक्ति और सद्भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

पं. गिरीश उपाध्याय द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का पवित्र अभिषेक किया गया। इसके पश्चात पंचवटी परिवार के सभी सदस्यों ने बारी-बारी से शिवलिंग पर जल, दुग्ध, बेलपत्र एवं पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और पुष्पों से सुसज्जित किया गया। वहीं भगवान शिव का भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। भक्तों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।

आयोजकों के अनुसार महाशिवरात्रि की पावन रात्रि में महिलाओं द्वारा पूरी रात भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें शिव भक्ति के मधुर भजनों से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर कॉलोनी के संरक्षक श्याम भोजवानी ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो,ओउम नमः शिवाय’ की पावन स्वर लहरियाँ प्रत्येक हृदय को भक्ति, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर अग्रसर करें, महादेव सबका कल्याण करें।

कॉलोनी के सभी परिवारों ने अत्यंत सौहार्द के साथ इस धार्मिक आयोजन को मनाया।

इस दौरान संरक्षक श्याम भोजवानी, अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, रणवीर सिंह चाहर, वीरेंद्र सिंह, छाया गुप्ता, मोनिका सेठी, उषा सिंह, शिल्पा सिंह, बीना गुप्ता, कुसुम गुप्ता, पूनम आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button