धर्म

Agra : आस्था, परंपरा और भक्ति का उत्सव: मॉर्निंग वॉक क्लब का दसवां एकादशी उद्यापन

मनोहर समाचार, आगरा। हरि नाम की गूंज, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था से ओतप्रोत केशव कुंज, प्रताप नगर स्थित बुर्जी वाला मंदिर परिसर में मॉर्निंग वॉक क्लब के तत्वावधान में दसवां दो दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन समारोह श्रद्धा, साधना और सनातन परंपरा के भावपूर्ण वातावरण में भव्य रूप से आरंभ हुआ।

समारोह के प्रथम दिन गुरुवार को पंडित चक्रपाणि पांडे द्वारा आशीर्वचन प्रदान किए गए। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को एकादशी व्रत के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराते हुए वर्ष की 26 एकादशी व्रत कथाओं का भावपूर्ण श्रवण कराया। उन्होंने कहा कि एकादशी व्रत आत्मसंयम, मन की शुद्धि और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ माध्यम है। एकादशी व्रत से जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

इस पावन अवसर पर 62 यजमानों ने विधि-विधान से एकादशी व्रत का पूजन एवं उद्यापन संपन्न किया। प्रत्येक यजमान की पूजन चौकी भक्ति भाव से सुसज्जित थी, जिसमें चांदी की गाय, चांदी की एकादशी, राम दरबार, तुलसी का पौधा सहित अन्य पूजन सामग्री विधिवत स्थापित की गई थी। मंदिर परिसर में एक साथ संपन्न हो रहे पूजन ने सामूहिक साधना की अनुपम छवि प्रस्तुत की।

मॉर्निंग वॉक क्लब के महामंत्री रमेश चंद्र अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग दस वर्ष पूर्व माघ मास के शुक्ल पक्ष की जया एकादशी के अवसर पर बुर्जी वाला मंदिर में सामूहिक एकादशी उद्यापन की यह परंपरा प्रारंभ की गई थी, जो निरंतर प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और विश्वास के साथ निभाई जा रही है।

एकादशी व्रत कथा के उपरांत गोदान संस्कार संपन्न हुआ। इसके बाद विधिवत हवन, शैय्या दान, 56 ब्राह्मणों को भोज कराया गया तथा श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसादी का वितरण किया गया।

क्लब के अध्यक्ष सीए मुकेश गोयल ने बताया कि सामूहिक एकादशी उद्यापन में प्रतिवर्ष आगरा सहित अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष अमेरिका से आए श्रद्धालु ने भी एकादशी उद्यापन में सहभागिता कर भारतीय सनातन संस्कृति के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।

समारोह का द्वितीय दिवस शुक्रवार को संपन्न होगा, जिसमें गोविंद अभिषेक, विष्णु सहस्त्रनाम पाठ, 56 ब्राह्मणों को दान प्रक्रिया तथा प्रसादी वितरण विधिवत रूप से किया जाएगा।

कार्यक्रम व्यवस्था अखिलेश गोयल, विजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, रिंकू बांसल, राकेश गर्ग, राजीव जैन, निखिल गर्ग, सरोज अग्रवाल, रीना गोयल, मधु अग्रवाल, हेमलता आदि संभाल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button