धर्म

Agra : विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा

सैकड़ों महिलाओं ने दिया हिंदू एकता का संदेश

मनोहर समाचार, आगरा। आगामी 8 फरवरी को जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन को सफल बनाने के उद्देश्य से सकल सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में कोठी मीना बाजार स्थित संचालन कार्यालय से एक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर, सिर पर कलश लेकर संगीतमय वातावरण में नाचते-झूमते हुए सम्मिलित हुईं। पूरे मार्ग में “सनातन एकता” और “हिंदू जागरण” का संदेश गूंजता रहा। कलश यात्रा का मुख्य उद्देश्य समस्त सनातनियों को एकजुट कर 8 फरवरी को होने वाले विशाल हिन्दू सम्मेलन में सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।

कलश यात्रा संचालन कार्यालय से प्रारंभ होकर साकेत चौराहा, भोगीपुरा, रुई की मंडी चौराहा, स्पीड कलर लैब होते हुए कोठी मीना बाजार के सामने से गुजरकर पुनः कार्यालय पर संपन्न हुई। मार्गभर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर महिलाओं की विशाल सहभागिता ने हिंदू एकता और संगठन शक्ति का प्रभावशाली परिचय दिया। कार्यक्रम में सकल सनातन सेवा समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कलश यात्रा के समापन के पश्चात समिति सदस्यों द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस मौके पर समिति के अध्यक्ष महेश सारस्वत, संरक्षक (आरएसएस) केशव शर्मा एवं सह सचिवन एवं मीडिया प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 8 फरवरी को आयोजित होने वाला विशाल हिन्दू सम्मेलन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकता को सशक्त करने का महत्त्वपूर्ण मंच होगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सहभागिता का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button