Agra : बसंती उल्लास में रंगा दाऊजी महाराज मंदिर, श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ बसंत पंचमी महोत्सव

मनोहर समाचार, आगरा। बसंत ऋतु के उल्लासपूर्ण आगमन पर आगरा व्यापार मंडल के तत्वावधान में राजाधिराज बृजराज श्री दाऊजी महाराज मंदिर, मोती कटरा पर बसंत पंचमी उत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, व्यापारियों ने सहभागिता कर प्रभु के चरणों में हाजिरी लगाई।
उत्सव के अवसर पर मंदिर प्रांगण को बसंती रंगों एवं पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया। प्रभु दाऊजी महाराज को पीतांबर धारण कराए गए तथा विधि-विधान से विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर हो गए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छप्पन भोग सेवा रही, जिसमें प्रभु को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। महाआरती उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। पूरे वातावरण में “दाऊजी महाराज की जय” के जयकारे गूंजते रहे और बसंत पंचमी का पर्व आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, महामंत्री अशोक मँगवानी, महामंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, मंत्री राजेंद्र गुप्ता, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग आदि उपस्थित रहे।





