Agra : आईसीएसआई आगरा चैप्टर: नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार, पेशेवर गतिविधियों को मिलेगा नया विस्तार
नए पदाधिकारियों ने ग्रहण किया पदभार, वर्षभर की गतिविधियों की रूपरेखा पर हुआ मंथन

मनोहर समाचार, आगरा। द इंस्टिट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के आगरा चैप्टर की वर्ष 2026 की प्रथम कार्यकारिणी बैठक नेहरू नगर स्थित चैप्टर कार्यालय (सिल्वर पॉइंट बिल्डिंग) में आयोजित की गई। बैठक में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया गया तथा आगामी वर्ष में प्रस्तावित कार्यक्रमों, पेशेवर गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता नव-निर्वाचित चेयरमैन सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने की। इस अवसर पर सीएस निमिषा त्यागी ने उपाध्यक्ष तथा सीएस नीतू अग्रवाल ने सचिव के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया।
चेयरमैन सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “वर्तमान समय में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका कंपनी लॉ, जीएसटी, जीएसटी ट्रिब्यूनल, ट्रेडमार्क एवं कॉर्पोरेट अनुपालन के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।” उन्होंने बताया कि “निकट भविष्य में सरकार द्वारा जीएसटी ट्रिब्यूनल का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसके माध्यम से जीएसटी से संबंधित विवादों की अपील दायर की जाएगी और इसमें कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका निर्णायक होगी।”
उपाध्यक्ष सीएस निमिषा तयाल ने जानकारी दी कि “आईसीएसआई आगरा चैप्टर से 100 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं।” उन्होंने कहा कि “किसी भी व्यवसाय या संगठन के सुचारु संचालन, विधिक अनुपालन और कॉर्पोरेट गवर्नेंस में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका अनिवार्य है। चैप्टर का उद्देश्य सदस्यों को निरंतर अपडेट रखना और समाज में इस पेशे के महत्व को व्यापक रूप से प्रसारित करना है।”
सचिव सीएस नीतू अग्रवाल ने बताया कि “वर्ष 2026 में आगरा चैप्टर द्वारा विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में ज्ञानवर्धक सेमिनार, स्टूडेंट करियर अवेयरनेस प्रोग्राम, व्यापारिक संस्थानों एवं संगठनों के साथ कंपनी लॉ, जीएसटी एवं कॉर्पोरेट विषयों पर व्याख्यान, तथा राष्ट्रीय स्तर के पेशेवर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।”
बैठक में सीएस मेघा अग्रवाल ने कहा कि “कंपनी सेक्रेटरी एक ऐसा पेशा है जिसे किसी अंतराल के बाद भी पुनः शुरू किया जा सकता है। यह विशेष रूप से महिलाओं के लिए अत्यंत सहूलियत भरा पेशा है, जिसमें वर्क फ्रॉम होम, एमएसएमई कंसल्टेंसी एवं स्वतंत्र प्रैक्टिस के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।”
बैठक में पूर्व अध्यक्ष सीएस आमोद सोलंकी, ऑफिस इंचार्ज अमित कुमार, पल्लवी विशनानी आदि उपस्थिति रहे।





