धर्म

Agra : मकर संक्रांति पर श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने मनाया उत्तरायण पर्व

खिचड़ी–मंगौड़े का किया वितरण

मनोहर समाचार, आगरा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति द्वारा उत्तरायण पर्व श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परंपरागत खिचड़ी–मंगौड़े का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आयोजन के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग सदस्य रमाकांत उपाध्याय, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स के अध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल सहित श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं प्रसादी वितरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर रमाकांत उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि मकर संक्रांति का पर्व सेवा, दान और गौ संरक्षण की भावना को जागृत करने वाला पर्व है। इस दिन किया गया अन्नदान और सेवा कार्य विशेष पुण्यदायी माना जाता है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संस्थाओं द्वारा इस प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मानवीय संवेदनाएँ सशक्त होती हैं।

समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल एवं महामंत्री शैलेंद्र अग्रवाल शालू ने बताया कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति में उत्तरायण का प्रतीक पर्व है, जो नई ऊर्जा, नई शुरुआत और आपसी सौहार्द का संदेश देता है। समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष यह आयोजन परंपरागत रूप से किया जाता है, ताकि समाज के सभी वर्ग एक साथ पर्व की खुशियाँ मना सकें। इस वर्ष 100 किलो दाल चावल की खिचड़ी और 100 किलो दाल के मंगोड़े वितरित किए गए।

इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के राजेश अग्रवाल, अतुल बंसल, समिति के उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल और कृष्ण कुमार मित्तल, कोषाध्यक्ष मयंक मंगल, अखिलेश गोयल, संजीव सिंघल, मोहित गर्ग, डॉ एसपी सिंह, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, पार्षद अनुज शर्मा, पार्षद राकेश जैन आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button