धर्म

Agra : गोवर्धन धाम में गूंजी वेद ध्वनि, भट्टी पूजन संग 56 भोग महोत्सव का शुभारंभ

गिरिराज महाराज के जयकारों के बीच आरंभ हुई भोग निर्माण की पावन प्रक्रिया

-28–29 दिसंबर को गोवर्धन में होगा दिव्य 56 भोग महोत्सव
-श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार आगरा द्वारा किया जा रहा भव्य आयोजन

मनोहर समाचार, आगरा। गोवर्धन धाम एक बार फिर भक्ति, परंपरा और समर्पण की दिव्य ऊर्जा से आलोकित हो उठा, जब श्री गिरिराज जी सेवा मंडल ‘परिवार’, आगरा द्वारा 28 और 29 दिसंबर को आयोजित होने जा रहे भव्य एवं दिव्य 56 भोग महोत्सव की विधिवत शुरुआत भट्टी पूजन के साथ की गई। श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में हरिओम महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन एवं गिरिराज महाराज के जयकारों के मध्य संपन्न इस पावन अनुष्ठान ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

भट्टी पूजन आयोजन स्थल पर शास्त्रोक्त विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें 56 भोग निर्माण से पूर्व अग्नि देव का आवाहन कर सामग्री की शुद्धता, सात्त्विकता और परंपरागत मर्यादा का संकल्प लिया गया। पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज से महोत्सव के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की कामना की।

इस अवसर पर संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि भट्टी पूजन 56 भोग महोत्सव का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य चरण है। इसके माध्यम से भोग निर्माण की पवित्र प्रक्रिया आरंभ होती है। गिरिराज महाराज को अर्पित किया जाने वाला प्रत्येक भोग परंपरागत विधि, स्वच्छता और पूर्ण श्रद्धा भाव के साथ तैयार किया जाएगा।

सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और सामाजिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण है, जिसमें सैकड़ों सेवक एवं श्रद्धालु तन-मन-धन से सहयोग करते हैं।

अध्यक्ष अजय सिंघल ने जानकारी दी कि 56 भोग महोत्सव के अंतर्गत 28 दिसंबर को गिरिराज महाराज की परिक्रमा एवं अभिषेक किया जाएगा। वहीं 29 दिसंबर को श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में दिव्य 56 भोग अर्पण, भव्य फूल बंगला श्रृंगार, साधु सेवा, विशाल महाप्रसाद वितरण तथा संध्याकालीन भजन संध्या का आयोजन होगा। इसी दिन श्रद्धालुओं को स्वर्ण हंस रथ पर विराजमान गिरिराज धरण के दुर्लभ एवं विशेष दर्शन भी प्राप्त होंगे।

महामंत्री विजय अग्रवाल ने बताया कि भट्टी पूजन के साथ ही भोग निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है, जिसमें अनुभवी रसोइयों और सेवकों की टीम जुट गई है। कोषाध्यक्ष विशाल बंसल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

भट्टी पूजन अवसर पर संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल बंसल, पुनीत अग्रवाल, आशीष अग्रवाल (अंता), मनोज गुप्ता, विकास जैन, मयंक जैन, उमेश बाबू अग्रवाल, बालमुकुंद अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, देवकी नंदन खंडेलवाल, नीरज जैन, मयंक सिंघल, विनय मित्तल आदि उपस्थित रहे। सभी ने गिरिराज महाराज के चरणों में नतमस्तक होकर महोत्सव की सफलता के लिए प्रार्थना की और वातावरण “जय गिरिराज महाराज” के उद्घोष से गूंजता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button