
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को दो सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि एलजी सिन्हा ने दोनों कर्मचारियों को आतंकवादियों से कथित संबंधों के चलते बर्खास्त कर दिया है।
बता दें कि पिछले पांच वर्षों में उपराज्यपाल के नेतृत्व वाले प्रशासन द्वारा संविधान के अनुच्छेद-311 का हवाला देकर अब तक लगभग 80 सरकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एलजी सिन्हा की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और जम्मू-कश्मीर में आतंकी तंत्र पर व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है।
अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल ने गुलाम हुसैन और माजिद इकबाल डार, दोनों शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दीं। दोनों कर्मचारी लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) संगठन की गतिविधियों का समर्थन करने में सक्रिय रूप से शामिल पाए गए थे।





